चतरा। इटखोरी थाना क्षेत्र के भुरकुंडा जंगल मैदान में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य का 30.31 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त एक की-पैड मोबाइल बरामद किया है।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना तहत लाभुकों में वितरित किए गए सुकर
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि भुरकुंडा जंगल मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग के प्लास्टिक में रखा 30.31 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया गया।
साथ ही एक की-पैड मोबाइल भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के मायाडीह गांव निवासी अशोक पासवान के रूप में की गई है। डीएसपी ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध इटखोरी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




