पूर्वी सिंहभूम। जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आमदा घोषड़ा गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अचानक गांव के पास स्थित हाईटेंशन बिजली टॉवर पर चढ़ गई। युवती को टॉवर पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
यह भी पढ़े : उपायुक्त ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा और रख-रखाव व्यवस्था की समीक्षा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती काफी ऊंचाई तक टॉवर पर चढ़ गई थी, जिससे किसी अनहोनी की आशंका को लेकर लोग चिंतित हो उठे। मामले की जानकारी तत्काल धालभूमगढ़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल और एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की टीम ने आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को टॉवर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
बताया जा रहा है कि टॉवर पर चढ़ी युवती आमदा घोषड़ा गांव के घासीडीह टोला की निवासी है। हालांकि उसने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसकी पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी युवती से लगातार बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे थे।
घटना के कारण इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। ग्रामीण भी युवती को सकुशल नीचे उतारने के प्रयास में प्रशासन का सहयोग करते नजर आए। एहतियात के तौर पर मौके पर चिकित्सा व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी, ताकि किसी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
समाचार लिखे जाने तक युवती हाईटेंशन टॉवर पर ही मौजूद थी और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास जारी थे। अधिकारियों का कहना है कि युवती के सकुशल नीचे आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




