New Delhi: यूपी के संत कबीर नगर के रहने वाले नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय संगठन (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) बनाया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की इस पद पर नियुक्ति की गई है। इस नियुक्ति के संबंध में राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जानकारी दी गई। नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को नई जिम्मेदारी के साथ मुख्य कार्यक्षेत्र दिल्ली रहने की बात कह गई है। अभी तक वे बिहार और झारखंड में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
भाजपा ने उन्हें वर्ष 2011 में बिहार के संगठन महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी। अगस्त 2021 में उनके सांगठनिक कद को और बढ़ाते हुए उन्हें बिहार और झारखंड का क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया। इसके जरिए वे आरएसएस और भाजपा के बीच पुल का काम करते रहे हैं। अब उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन में लंबे समय तक किया काम
आरएसएस के साथ-साथ वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी जुड़े रहे। एबीवीपी में विभिन्न पदों पर काम किया। यहां से उनके नेतृत्व और संगठन कौशल को पहचान मिली। उनके काम को देखते हुए वर्ष 2003 में उन्हें उत्तर प्रदेश भाजपा का संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया। जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर उन्होंने पूरा ध्यान केंद्रित किया। यूपी में वे करीब 8 सालों तक अपनी सेवाएं दीं।
कौन हैं नागेंद्र नाथ त्रिपाठी?
नागेंद्र नाथ त्रिपाठी संत कबीर नगर जिले के बेलौली गांव के रहने वाले हैं। उनका जन्म एक कृषक परिवार में हुआ। गिरिजा पति त्रिपाठी और गणेशा देवी की वे सबसे बड़ी संतान हैं। बस्ती में अपनी स्कूली पढ़ाई के दौरान ही नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का रुझान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ हो गया। वे लंबे समय तक संघ में सक्रिय रहे। एक समर्पित प्रचारक के तौर पर काम करते हुए नौजवानों के बीच वैचारिक चेतना जगाने में उनकी बड़ी भूमिका रही। संघ के सांगठनिक ढांचे को खड़ा करने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई।




