Patna: विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक सह दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया की अगुवाई में दीघा कृषि भूमि आवास बचाओ संघर्ष समिति के एक शिष्टमंडल ने मंगलवार को नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्र से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने मंत्री से दीघा, राजीव नगर और नेपाली नगर के 1024.52 एकड़ में बने मकानों को जल्द से जल्द नियमित कराने एवं किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास तेज करने का आग्रह किया।
मंत्री ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि बहुत जल्द स्थानीय निवासियों और किसानों के पक्ष में उचित निर्णय लिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय विधायक संजीव चौरसिया से लगातार बात हो रही है। वार्ता के बाद शिष्टमंडल ने राज्य सरकार से उचित निर्णय की उम्मीद जताई।
चौरसिया ने कहा कि 1024.52 एकड़ भूमि से हजारों परिवार की चिंता जुड़ी हुई है और राज्य सरकार तक उनकी बात मजबूती से पहुंचाना मेरी जिम्मेदारी थी।
शिष्टमंडल में श्रीनाथ सिंह, आरसी सिंह, वीरेन्द्र कुमार, आमोद दत्ता, राजेश कुमार, गजेन्द्र सिंह, चन्द्रवंशी मुखिया, प्रो. विनय सिंह, धर्मेश झा, मनोज कुमार, यशवंत सिन्हा, अशोक कुमार, गणेश कुमार के अलावा अन्य लोग शामिल हुए।




