रांची: गुमला-सिमडेगा जिले की सीमा पर स्थित कोलेबिरा प्रखंड के अघरमा के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार थे। अघरमा के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकरा गई। हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।
दुर्घटना में घायल हुए लोगों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों का इलाज गुमला जिले के बसिया अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों को सिमडेगा जिले के कोलेबिरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।




