रांची : दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड में अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका है, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कमी बनी हुई है। 12 जून को मानसून के आगमन के बाद रांची सहित कुछ क्षेत्रों को छोड़कर बाकी हिस्सों में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है।

बारिश की कमी के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में कमी का असर किसानों पर भी दिखने लगा है और वे अब मौसम के बदलते रुख को लेकर चिंतित हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पूर्वी और निकटवर्ती मध्य हिस्सों में 19 और 20 जून को गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।






