रांची : दशम फॉल थाना क्षेत्र): कांची नदी के किनारे बालू में दफन एक 17 वर्षीय किशोरी के शव की बरामदगी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस खौफनाक वारदात का खुलासा किसी इंसान ने नहीं, बल्कि एक कुत्ते की संदिग्ध हरकत से हुआ, जिसने जमीन खोदकर हत्या के इस राज से परदा उठा दिया।

मंगलवार सुबह चुरगी पंचायत के सारजमडीह गांव के ग्रामीण कांची नदी किनारे पहुंचे थे, तभी उन्होंने एक कुत्ते को लगातार एक ही स्थान पर बालू खोदते देखा। शक होने पर जब ग्रामीण करीब पहुंचे तो बालू के नीचे से मानव शरीर का हिस्सा दिखाई दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। बालू हटाने पर एक किशोरी का शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंची मृतका की मां ने शव की पहचान अपनी 17 वर्षीय पुत्री हिस्सी कुमारी के रूप में की।
बताया जा रहा है कि किशोरी पिछले कई वर्षों से अड़की थाना क्षेत्र के बाड़ीगाड़ा गांव में अपने मामा के घर रह रही थी और करीब एक सप्ताह से लापता थी। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन उन्हें इस दर्दनाक सच्चाई का अंदाजा नहीं था।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई है। माना जा रहा है कि अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को कांची नदी किनारे बालू में दफना दिया था। हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।






