पलामू। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र के नई मुहल्ला, नावाटोली और स्टेशन रोड गांधी मैदान के पास एक स्ट्रीट डॉग ने आधा दर्जन से अधिक बच्चों को काट कर जख्मी कर दिया। सभी बच्चों का इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में किया गया।
यह भी पढ़े : प्रतिभावान छात्र-छात्रा लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें : डॉ जे चोकलिंगम
सभी की स्थिति खतरे से बाहर है लेकिन बच्चों और उनके परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। कोई बच्चा बाल कटाने जा रहा था तो कोई घूमने के इरादे से गांधी मैदान की ओर गया था। कुछ बच्चे घर के पास खेल रहे थे। इसी क्रम में अचानक एक कुते ने आगे पीछे से अटैक किया और बच्चों के हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों को काटकर लहूलुहान कर दिया। जख्मी बच्चों की उम्र 5 से 7 वर्ष के आसपास है। उनकी पहचान हर्ष कुमार, खुशी कुमारी, आर्यन कुमार, अभिमन्यु कुमार, असद राजा, अभिषेक कुमार सहित अन्य के रूप में हुई है। सभी नावाटोली, नई मुहल्ला और आस पास के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम पांच से छह बजे बीच नावाटोली, नई मुहल्ला और स्टेशन रोड के आसपास अचानक एक स्ट्रीट डॉग ने बच्चों पर हमला कर दिया। इस घटना से कुछ देर तक अफरा तफरी की स्थिति बन गई। परिजन के साथ मौजूद बच्चों को भी कुत्ते ने काटा। बच्चों पर अटैक करता देख कुत्ते को कुछ लोगों ने खदेड़ा। बाद में सभी जख्मी बच्चों को एक-एक करके एमएमसीएच लाया गया और उनका इलाज किया गया। इंजेक्शन लगाए गए और अन्य ट्रीटमेंट किए गए।




