रांची: विद्या भारती, झारखंड द्वारा रविवार को “प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” का आयोजन आदित्य प्रकाश जालान टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, श्री कृष्ण चन्द्र गांधी शैक्षिक नगर, कुदलुम, राँची में किया गया। समारोह में झारखण्ड प्रांत के विभिन्न सरस्वती शिशु विद्या मंदिरों के CBSE एवं JAC बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 41 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के प्रस्तावना में विद्या विकास समिति झारखंड के प्रदेश सचिव श्री नकुल शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि कक्षा दशम एवं द्वादश में जिला स्तर पर एवं राज्य स्तर पर चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं का प्रत्येक वर्ष अभिनंदन किया जाता है।
यह भी पढ़े : पेपर लीक के विरोध में रांची में ‘छात्रों की गूंज’ मैराथन, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की उठी मांग
जिसमें उनके माता-पिता एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी सम्मानित किया जाता है। हमारे मेधावी भैया हमारे धरोहर हैं तथा ये हमारे संस्थान को आगे बढ़ाने में सहायक होते हैं। वही विद्या विकास समिति, झारखंड के प्रदेश मंत्री ने भैया बहनों के लिए शुभकामना देते हुए कहा की सदैव मेहनत करें। मेहनत का फल मीठा होता है। मेधावी छात्र-छात्राओं उनके माता-पिता तथा विद्यालयके प्रधानाचार्य को संबोधित करते हुए विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्मा जी राव ने कहा की विद्या भारती शिक्षा के क्षेत्र में अनूठा प्रयास करती है। हमारे बच्चे किसी से काम नहीं हैं।मेधा इनमें कूट-कूट कर भरी है। झारखंड जैसे जनजाती राज्य में हमारे जनजाति भैया बहन राज्य के मेधा सूची में आते हैं तथा संगठन को इस पर गर्व है। सफलता अर्जित करने के लिए जिंदा मछली के तरह पानी के विपरीत धारा में तैरना पड़ता है। हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉक्टर निशा उरांव ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। मेहनत करके ही सारे कार्य सिद्ध किए जा सकते हैं। विद्या भारती के विद्यालय के बच्चों को देखकर लगता है कि इनमें विद्या की देवी की विशेष कृपा है। विद्या भारती के बच्चे राज्य स्तर पर अपने प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। यहां इनको सम्मानित करते हुए मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा काडर के आईएएस आशीष सिंहमार भी पूरे समय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) जे. चोकलिंगम, कुलपति, सरला बिरला विश्वविद्यालय, राँची ने कहा की छात्रा-छात्र अपने लक्ष्य को निर्धारित कर आगे बढ़ सकते हैं। इसी क्रम में उन्होंने आइंस्टीन और डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन में घटित घटनाओं को सबके सामने रखा तथा असफलता से हार नहीं मानना यह बताया।
अध्यक्ष उद्बोधन में विद्या विकास समिति झारखंड के अध्यक्ष रामअवतार नारसरिया ने कहा कि, कौन कहता है कि आसमान में सुराग नहीं हो सकता एक पत्थर तबीयत से उछालो।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जनजातीय शिक्षा समिति के मंत्री दिलीप पाहन ने कार्यक्रम से जुड़े सभी व्यक्तियों, संगठन तथा प्रबुद्ध नागरिकजनों का धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन विवेक कुमार पांडे,अखिलेश कुमार तथा नीरज कुमार लाल ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के संगठन मंत्री ख्यालीराम, विद्या विकास समिति के कोषाध्यक्ष विष्णु कुमार जालान स्थानीय विद्यालय के सचिव तथा प्रधानाचार्य ,विद्या विकास समिति के पूर्णकालिक कार्यकर्ता एवं कार्यालय के कार्यकर्तागण तथा झारखंड प्रांत के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्यों, आचार्य एवं लगभग 200 की संख्या में अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।




