पलामू। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने सोमवार को 175 एसआई और एएसआई की ट्रांसफर पोस्टिंग की। सभी पिछले 2 साल से अलग-अलग थाना, पिकेट और ओपी में कार्यरत थे। सभी को 24 घंटे के भीतर योगदान देने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़े : श्रावणी मेला : महादेवशाल स्टेशन पर 22 जोड़ी ट्रेनों का होगा अस्थायी ठहराव
एसपी ने लंबे समय से खाली चल रहे तरहसी के थाना प्रभारी के पद पर पांकी के पूर्व थाना प्रभारी राजेश रंजन की पोस्टिंग की।
उल्लेखनीय है कि तरहसी के थाना प्रभारी आनंद राम को एक जब्त जेसीबी को छोड़ने के मामले में उसके मालिक से नाजायज राशि मांगने के आरोप में निलंबित किया गया था। बातचीत का ऑडियो वायरल होने पर एसपी ने कार्रवाई की थी। किशुनपुर और दंगवार ओपी के प्रभारी को भी एसपी ने बदल दिया है।
एसआई चंद्रशेखर यादव को किशुनपुर ओपी का प्रभारी बनाया है। चंद्रशेखर मेदिनीनगर शहर थाना में पदस्थापित थे। इसी तरह बिरेन्द्र मेहता दंगवार ओपी के प्रभारी बनाये गए हैं। मेदिनीनगर के यातायात प्रभारी के पद पर सहायक अवर निरीक्षक रुद्रानंद सरस की पोस्टिंग हुई है। रुद्रानंद चैनपुर थाना में कार्यरत थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 175 अवर निरीक्षक और सहायक अवर निरीक्षक की ट्रांसफर पोस्टिंग की गई है। सभी पिछले दो साल से अलग-अलग थाना, ओपी, पिकेट सहित अन्य शाखाओं में कार्यरत थे। जिले में विधि व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालन के लिए यह फेरबदल किया गया है।




