गिरिडीह। गिरिडीह जिले में देशी मशरूम का सेवन करने से एक ही परिवार के 10 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। बीमारों में तीन बच्चे और सात वयस्क शामिल हैं। सभी का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल के आयुष्मान वार्ड में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीज फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
यह भी पढ़े : नर्सिंग-मेडिकल छात्रों को मिलेगा अमेरिका में प्रशिक्षण, जॉर्जिया विवि से होगा एमओयू : इरफान
जानकारी के अनुसार, जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीहा गांव निवासी सहदेव वर्मा के घर मंगलवार सुबह नाश्ते में देशी मशरूम की सब्जी और रोटी बनाई गई थी। परिवार के सभी सदस्यों ने इसका सेवन किया। कुछ ही देर बाद एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टी तथा दस्त की शिकायत होने लगी।
परिजनों ने स्थिति गंभीर होते देख सभी बीमार सदस्यों को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से सभी की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
परिवार के जिन लोगों की तबीयत बिगड़ी, उनमें नीलम देवी, शिवम कुमार, कृष्ण कुमार , पीयूष कुमार, अभिलाषा कुमारी, सिकंदर कुमार सहित कुल 10 सदस्य शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन उनकी लगातार निगरानी कर रहा है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगली अथवा बिना पहचान वाले देशी मशरूम का सेवन करने से बचें। विभाग का कहना है कि कई प्रकार के जंगली मशरूम जहरीले होते हैं, जिनके सेवन से फूड पॉइजनिंग की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए केवल प्रमाणित और सुरक्षित मशरूम का ही उपयोग करें।




