पलामू। पलामू जिले के पांकी प्रखंड क्षेत्र के माड़न पंचायत के पुरुषोत्तमपुर गांव में मंगलवार रात आकाशीय बिजली गिरने से पिता- पुत्र की मौत हो गई। जबकि एक महिला जख्मी है। उसका इलाज पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। मृतक के पहचान पिता बालमुकुंद यादव और पुत्र दिलीप यादव के रूम में हुई है। जख्मी महिला अनीता देवी, पिता ईश्वरी यादव है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पांकी थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर के रहने वाले बालमुकुंद यादव और उनके बेटे दिलीप यादव मंगलवार शाम तेतराई गए थे। वहां से वे दोनों रात में बाइक से घर वापस लौट रहे थे। इसी क्रम में आकाशीय बिजली गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के मदद से दोनों को अस्पताल भेजा गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद पांकी थाना की पुलिस पुरुषोत्तमपुर पहुंची।
पांकी के थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
वहीं, पुरुषोत्तमपुर में हुई एक अन्य आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक अन्य ग्रामीण महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। जख्मी अनीता देवी को इलाज के लिए पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है।



