खूंटी। जिले में पशुपालन और गव्य विकास को बढ़ावा देने एवं ग्रामीणों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला गव्य विकास कार्यालय परिसर में दुधारू पशु मेला-सह-गव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया एवं जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
यह भी पढ़े : चतरा: 350 साल पुराने लेंबोईया राजगढ़ पर संकट, झाड़ियों में गुम हो रही ऐतिहासिक विरासत
मेले में पशुपालकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ अनुदान पर गाय वितरण योजना से लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर जिला गव्य विकास पदाधिकारी गिरीश कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मेले के उद्देश्यों और विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुपालकों को 90 प्रतिशत तक अनुदान पर गाय उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसके तहत दो, पांच और 10 गाय की इकाई के लिए लाभुक अपनी पसंद के अनुसार गाय का चयन कर योजना का लाभ ले सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने 28 लाभुकों के बीच 30 से अधिक गायों का लाभ प्रदान किया। साथ ही विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया।
खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि पशुपालक अनुदान पर प्राप्त गायों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन और बिक्री कर अपनी आजीविका को मजबूत बनाएं। राज्य सरकार आर्थिक रूप से लोगों को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने पशुपालकों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि पशुपालक गायों की उचित देखभाल और सेवा करें। पशुओं के उपचार और चिकित्सा संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने पशुओं का बीमा कराने की भी सलाह दी। जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़कर आय बढ़ाने का आह्वान किया।
जिला पशुपालन पदाधिकारी अभिमन्यु प्रसाद ने पशुओं के रखरखाव, खान-पान, स्वच्छता और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी।
मेले में मिल्किंग मशीन, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, पनीर और खोआ यूनिट, काऊ मैट, पशु आहार, दवाइयों एवं मत्स्य पालन से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। इनके माध्यम से पशुपालकों एवं किसानों को स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों और विभागीय योजनाओं से अवगत कराया गया।





