पलामू। पलामू में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार के9 बड़ी कार्रवाई की है। होमगार्ड जवान को ड्यूटी का कमान देने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग करने वाले होमगार्ड कार्यालय के मुंशी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े : नीतीश कुमार की निरंतर पहल से गाद प्रबंधन की दिशा में केंद्र और बिहार सरकार का महत्वपूर्ण कदम: निशांत
दरअसल, पलामू के एक होमगार्ड जवान ने ड्यूटी के लिए कमान लेने हेतु होमगार्ड कार्यालय में संपर्क किया था। आरोप है कि कार्यालय के मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर और तुलसी ने कमान देने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की।
जवान ने जब इस मामले में साहब से बात की, तो उन्होंने भी चार महीने में एक लाख 20 हजार रुपये मिलने का हवाला देते हुए 10 हजार रुपये देने में परेशानी नहीं होने की बात कही।
लेकिन जवान ने रिश्वत देकर काम कराने से इनकार कर दिया और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पलामू के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर द्वारा ड्यूटी का कमान देने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की बात सत्य पाई गई।
इसके बाद एसीबी पलामू थाना कांड संख्या 06/2026, दिनांक 4 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया और रिश्वत लेते मुंशी को दबोच लिया।
दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एसीबी की धावादल ने आरोपित मुंशी को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपित के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।





