खूंटी। रनिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में लगी हाइमास्ट लाइट पिछले करीब तीन माह से क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर पड़ी हुई है। आंधी-तूफान के दौरान गिरी इस लाइट की अब तक मरम्मत नहीं हो सकी है, जिससे प्रखंड कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में रात के समय अंधेरा छाया रहता है।
यह भी पढ़े : झारखंड के सात जिलों में 02 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना
प्रखंड कार्यालय परिसर में रहने वाले आवासीय कर्मियों तथा आसपास के स्थानीय लोगों को विशेष रूप से बारिश के दिनों में बिजली बाधित होने पर काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में लगी हाइमास्ट लाइट का लंबे समय तक खराब रहना संबंधित विभाग की लापरवाही को दर्शाता है।
स्थानीय लाेगाें से मिली जानकारी के अनुसार, इस हाइमास्ट लाइट का निर्माण पिछले वर्ष जिला परिषद मद से कराया गया था। लेकिन नियमित रखरखाव और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण यह सुविधा लोगों के लिए अनुपयोगी बनी हुई है। लोगों ने जल्द से जल्द लाइट की मरम्मत कर इसे पुनः चालू कराने की मांग की है, ताकि कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो सके।
इस संबंध में रनिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रशांत डांग ने बताया कि हाइमास्ट लाइट की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है। विभाग से जवाब मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए लाइट की मरम्मत कराई जाएगी।



