पलामू। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र के कोयल नदी किनारे स्थित शिवाला घाट के पास बुधवार रात ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिससे दो युवकों को गोली लग गयी। तीन से चार युवक बाल बाल बच गए। जख्मी दोनों युवकों को इलाज के लिए डा. राहुल अग्रवाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक और युवक को गोली लगी है। हालांकि वह अस्पताल नहीं पहुंचा है। उसका इलाज कहां चल रहा है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। दोनों युवकों को पेट, कमर, बांह में गोली लगी है। उनकी पहचान मेदिनीनगर के शास्त्री नगर (भट्ठी मुहल्ला) निवासी 18 वर्षीय दिनेश कुमार, 25 वर्षीय निखिल कुमार एवं चैनपुर निवासी 20 वर्षीय प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। गोली चलाने वालों की संख्या आधा दर्जन के आस पास बतायी गयी है। घटना आपसी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। इस घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गयी है।
यह भी पढ़े : Breaking: महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी घूस लेते गिरफ्तार !
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ चिरंजीव मंडल डा. राहुल अग्रवाल के निजी अस्पताल में पहुंचे एवं छानबीन शुरू की। उन्होंने घटना की पुष्टि की।
उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। स्थिति जल्द स्पष्ट की जाएगी।
मौके पर एसआई श्रीराम शर्मा एवं बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार घटना रात 8.40 बजे के आस पास हुई। शिवाला घाट के पास आधा दर्जन से अधिक युवक बैठे हुए थे। अचानक 5 से 6 लड़के पहुंचे एवं गाली देकर सड़क एवं सीढी पर उतरकर गोली चलाने लगे। सभी के पास हथियार थे। अचानक गोली चलने से वहां अफरा तफरी मच गयी। नदी किनारे बैठे युवक भागने लगे। इसी क्रम में दिनेश कुमार के पेट में, जबकि निखिल को कमर एवं बांह में गोली लग गयी। प्रकाश को हाथ में गोली लगी। दिनेश एवं निखिल को इलाज के लिए डा. राहुल अग्रवाल के अस्पताल में ले जाया गया। प्रकाश का इलाज कहां चल रहा है, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पायी है।
जख्मी का चिकित्सकों की निगरानी में नजर रखी जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
उल्लेखनीय है कि पलामू जिले में हाल के दिनों में गोलीबारी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
विदित हो कि इस घटना से तीन घंटे पहले जिला मुख्यालय से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के काराकट बन्दूवा गांव में एक युवती का अपहरण करने आए अपराधियों ने गोलीबारी और चाकू बाजी की थी। इस घटना में लड़की के पिता सुलेमान मियां मां शाहिना बीवी और भाई मकबूल मियां गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। मकबूल की इलाज के लिए रांची ले जाने के क्रम में मौत हो गई है।



