खूंटी। सावन का महीना समाप्त होते ही शनिवार को खूंटी शहर सहित आसपास के इलाकों में मटन और चिकन की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सावन के दौरान मांसाहार से परहेज करने वाले लोगों की महीना समाप्त होते ही मटन-चिकन खरीदने के लिए सुबह से ही कई दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी रही।
यह भी पढ़े : ओडिशा की भारी बारिश से जमशेदपुर में बढ़ा नदियों का जलस्तर, तटीय इलाकों में अलर्ट
मटन की दुकानों पर ग्राहकों की बढ़ी संख्या को देखते हुए दुकानदारों को भी अतिरिक्त तैयारी करनी पड़ी। कई दुकानों में ग्राहकों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा।
दुकानदारों के अनुसार सावन के दौरान मटन और चिकन की बिक्री में कमी रहती है, लेकिन सावन समाप्त होते ही मांग में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिलती है।
मटन-चिकन की दुकानों के अलावा शराब दुकानों पर भी कमोवेश यही स्थिति देखने को मिली। सावन के दौरान शराब से दूरी बनाए रखने वाले कई लोग महीना समाप्त होने के बाद शराब दुकानों की ओर जाते नजर आए। इससे शराब दुकानों के आसपास भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल रही।
शहर के बाजार में सावन समाप्त होने के बाद खान-पान को लेकर लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव दिखाई दिया। लंबे समय से मांसाहार से परहेज कर रहे लोगों ने परिवार और दोस्तों के साथ मटन-चिकन का स्वाद लेने की तैयारी की। वहीं, बाजार में सब्जी और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों पर भी सामान्य खरीदारी जारी रही।



