किशनगंज। ऐतिहासिक भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर परिसर में रविवार को आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने खुद झाड़ू थामकर स्वच्छता अभियान चलाया। मंत्री को मंदिर परिसर में सफाई करते देख कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी अभियान में जुट गए। देखते ही देखते मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान ने व्यापक रूप ले लिया। सफाई अभियान के बाद मंत्री ने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी स्थान की सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ समाज और बेहतर भविष्य की बुनियाद है।
यह भी पढ़े : विक्रमशिला सेतु बंद होने से गंगा में जहाजों के सफर में बढ़ी परेशानी, कमिश्नर, आईजी और डीएम ने लिया जायजा
प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. जायसवाल ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का जरिया है। ‘सेवा ही संगठन’ और ‘सेवा ही संकल्प’ संगठन की कार्यशैली का मूल आधार है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा के तहत बिहार में स्वच्छता, पौधारोपण समेत विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना भी ईश्वर की सच्ची सेवा है। स्वच्छ और हरित वातावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम में बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, जिला उपाध्यक्ष हरि अग्रवाल, जिला मंत्री ज्योति कुमार, जिला मंत्री लखवीर कौर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, महामंत्री मनीष सिन्हा और मीडिया प्रभारी सुबोध महेश्वरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला।


