पलामू। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआइआर-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में एसआईआर के तहत अब तक हुई कार्रवाई, प्राप्त दावे-आपत्तियों एवं आगे की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी।
यह भी पढ़े : झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, रांची के तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम से अवगत कराया। बताया गया कि अब 30 नवंबर को वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा।
डीईओ ने बताया कि 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्फ डेस्क कैंप सह बीएलओ-बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की चौथी बैठक आयोजित की जाएगी। शिविर में मतदाताओं को एसआइआर प्रक्रिया, प्रपत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने और आवश्यक सुधार में सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर के मेगा हेल्प डेस्क में एसआईआर से संबंधित लंबित मामलों, नो मैपिंग और अनामलीज से जुड़े मामलों में पात्र नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए। बीएलए 2 अपने क्षेत्र के मतदाताओं को यदि किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, तो उसे बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक में अवश्य रखें, ताकि आवश्यक समन्वय की जा सके।
उन्होंने बताया कि 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान के दौरान बीएलओ और संबंधित पदाधिकारी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर, सेक्स वर्कर एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक स्वयं पहुंचेंगे और उन्हें दस्तावेज, सत्यापन तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देंगे।
डीईओ ने विशेष रूप से वृद्धाश्रम, आश्रयगृह, शक्ति सदन, अनाथालय और अन्य संस्थानों में रहने वाले पात्र नागरिकों तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जानकारी या आवश्यक सहयोग के अभाव में कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं होना चाहिए।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद थेे।


