कौशांबी। मंझनपुर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने वोट चोरी के मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि देश में वोट चोरी कोई मुद्दा नहीं है। दरअसल, जनता ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है। इसलिए सपा, कांग्रेस, टीएमसी और शिवसेना जैसे तमाम राजनीतिक दल चुनाव आयोग के खिलाफ एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
यह भी पढ़े : बरेली में बाेले मुख्यमंत्री याेगी – बदल चुका है उत्तर प्रदेश, अब बिना किसी भय के अपने त्योहार मनाते हैं लाेग
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कौशांबी नगर पालिका परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
केशव मौर्य ने दावा किया कि भाजपा एमएलसी चुनाव में भारी मतों से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव में 100 में से 80 प्रतिशत वोट भाजपा के हैं, जबकि शेष 20 प्रतिशत वोटों में बंटवारा है। उन्होंने इसे आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल बताया।
सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज के उस बयान पर भी डिप्टी सीएम ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने तीन महीने बाद सरकार बदलने की बात कही थी। केशव मौर्य ने कहा कि सांसद अभी बच्चे हैं, उन्हें सोच-समझकर बोलना चाहिए।


