खूंटी। खूंटी पुलिस ने अवैध अफीम की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग एक किलोग्राम अफीम के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अड़की थाना क्षेत्र के मदहातु गांव निवासी लादु मुंडा (32) के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य व्यक्ति जंगल-झाड़ियों का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक यामाहा बाइक और झोला भी जब्त किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़े : झारखंड में दवाओं की कीमतों पर निगरानी के लक्ष्य का 97 प्रतिशत हासिल
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि अड़की की ओर से तीन व्यक्ति बाइक पर अफीम लेकर मुरहू स्थित नील फैक्ट्री की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने चालम बरटोली पक्की सड़क पर वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान बाइक पर सवार तीन व्यक्ति आते दिखे। पुलिस को देखकर तीनों बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर लादु मुंडा को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। आरोपित के पास मौजूद झोले की तलाशी लेने पर पारदर्शी प्लास्टिक में रखा 998 ग्राम अफीम जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
इस मामले में एनडीपीएस थाना खूंटी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, एनडीपीएस थाना प्रभारी मणीदीप सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





