पूर्वी सिंहभूम। सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की व्यापक तैयारी की गई है। बुधवार को सीतारामडेरा के भालुबासा स्थित मिष्टिइन में आयोजित प्रेस वार्ता में सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, महामंत्री अखिलेश चौधरी एवं मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
यह भी पढ़े : भाई फोटा पर मंत्री इरफान अंसारी ने बहनों को दिया सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों का भरोसा
समिति की ओर से बताया गया कि छठ महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
समिति के अनुसार 14 नवंबर को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक सूर्य मंदिर परिसर में 1100 जरूरतमंद लोगों के बीच छठ पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी, जबकि सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास और संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह की भी मौजूदगी रहेगी।
15 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर शाम सात बजे सूर्य मंदिर के शंख मैदान में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। इसमें गायिका करीना पांडेय, सविता पांडेय और मुंबई की आंखी दास छठ के पारंपरिक एवं भक्तिमय गीत प्रस्तुत करेंगी। समिति ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी प्रकार के पास की आवश्यकता नहीं होगी और सभी श्रद्धालुओं के लिए समान रूप से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छठ घाट को 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से खोला जाएगा।
घाट पर स्थान पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेगा। किसी प्रकार की अग्रिम बुकिंग या स्थान आरक्षण की व्यवस्था नहीं की गई है।
छठ महापर्व को लेकर सूर्य मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत सजावट और विशेष लाइटिंग भी की जा रही है। अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि समिति धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक दायित्वों का भी लगातार निर्वहन करती रही है।
जरूरतमंद परिवारों के बीच पूजा सामग्री का वितरण इसी सेवा भावना का हिस्सा है। उन्होंने शहर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से सपरिवार छठ महोत्सव में शामिल होने की अपील की।





