धनबाद। जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड स्थित शिवम हॉस्पिटल में मंगलवार को चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
यह भी पढ़े : झारखंड के कैंसर मरीजों को महंगी दवाइयों से मिलेगी राहत : इरफान
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना के बाद स्थानीय नेताओं ने भी अस्पताल पहुंचकर विरोध जताया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि डॉक्टर के साथ मारपीट की कोशिश तक की गई। हालांकि, बाद में अस्पताल प्रबंधन की ओर से मृत बच्ची के परिजनों को चार लाख रुपये का चेक दिए जाने के बाद मामला शांत हो गया। खास बात यह रही कि परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई।
जानकारी के अनुसार, भेलाटांड निवासी अभिलाष महतो ने अपनी चार वर्षीय बच्ची को बुखार की शिकायत के बाद शिवम हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज के दौरान घोर लापरवाही बरती गई। परिजनों का दावा था कि करीब 24 घंटे तक डॉक्टर बच्ची को देखने नहीं पहुंचे और इलाज की जिम्मेदारी कंपाउंडर के भरोसे छोड़ दी गई थी। इन्हीं आरोपों को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान स्थानीय नेताओं ने भी हस्तक्षेप किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से परिजनों को चार लाख रुपये का चेक दिया गया, जिसके बाद विवाद शांत हुआ।
इस पूरे घटनाक्रम ने स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर स्थानीय नेताओं ने परिजनों को मुआवजा दिलाने को अपनी उपलब्धि बताया, वहीं दूसरी ओर सवाल उठ रहे हैं कि क्या आर्थिक मुआवजा मिलने से इलाज में लापरवाही के आरोपों की जांच और जवाबदेही खत्म हो जानी चाहिए। परिजनों की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराए जाने के कारण मामले में कानूनी कार्रवाई की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है।
घटना की सूचना पर धनबाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। जांच अधिकारी डॉ. विकास राणा ने अस्पताल की व्यवस्था और कमियों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में पाई गई खामियों की रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंपने की बात कही है।
इस मामले में अस्पताल संचालक नीलकंठ महतो का पक्ष भी सामने आया है। वहीं, जांच रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।





