Patna: बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व तथा कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने आज लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर पटना के जेपी गंगा पथ स्थित गंगा घाट पर अपने परिजनों के साथ छठ पूजा में भाग लिया और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य समर्पित की।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. चंद्रवंशी अपने माथे पर पूजन सामग्री से सजा दउरा लेकर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ गंगा घाट तक पहुंचे। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी एवं पुत्र, जिन्होंने छठ व्रत किया है, के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर लोकमंगल एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनके भाई एवं अन्य सगे-संबंधी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. चंद्रवंशी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकजुटता और सामूहिक सहभागिता का संदेश देता है। छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता बनी रहे तथा बिहार निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो, यही कामना है।





