गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके उपचार में पूरी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा। इसके बाद भी इलाज के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता दी जाएगी।
जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर किया गया था। मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए, ताकि बीमारी की स्थिति में उसे इलाज कराने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा मिलने के बाद भी अगर किसी को आर्थिक मदद की जरूरत पड़ती है तो विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अलग-अलग मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण तय समय के भीतर, निष्पक्ष तरीके से और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुसार किया जाए।
जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ऐसे मामलों में कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित की शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। सभी मामलों में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
गोशाला में गायों को रोटी और गुड़ खिलाया
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे और गायों को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाया।
इस दौरान उन्होंने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उन्हें दुलारा। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर गोवंश भी उनके पास आने के लिए उतावले होने लगे। इस पर मुख्यमंत्री ने प्यार से उन्हें समझाया और कहा, ‘अपनी जगह पर ही रहो, नहीं तो चोट लग जाएगी।’
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की सुबह की दिनचर्या पूजा-अर्चना, गोसेवा और जनता दर्शन के साथ पूरी हुई।




