धनबाद: निरसा में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करना CISF और ECL की संयुक्त टीम को भारी पड़ गया। राजा कोलियरी में अवैध खनन के 24 मुहाने बंद कराकर लौट रहे जवानों पर बदमाशों ने हमला कर दिया। गुरुवार शाम बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास जंगल में 8 से 10 हमलावरों ने टीम को घेर लिया। बदमाशों ने जवानों की बोलेरो में तोड़फोड़ की और जब्त की गई एक मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
हमला अचानक हुआ, जिससे टीम को संभलने का मौका नहीं मिला। बदमाश दूसरी जब्त बाइक भी लेकर भागने की फिराक में थे, लेकिन इसी दौरान अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए। जवानों को देखकर हमलावर दूसरी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल में भाग निकले। राहत की बात रही कि बोलेरो चालक और गाड़ी में बैठे दो जवानों को कोई चोट नहीं आई।
24 अवैध खनन मुहाने बंद कर दो बाइक की थी जब्त
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम CISF और ECL की संयुक्त टीम राजा कोलियरी में अवैध कोयला खनन के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची थी। टीम ने कार्रवाई के दौरान अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराया। इसके साथ ही चोरी का कोयला ढोने में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।
कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों मोटरसाइकिलों को ट्रैक्टर पर लादकर निरसा थाना ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास जंगल में पहले से मौजूद हमलावरों ने टीम को निशाना बना लिया।
एक बाइक लेकर भागे, दूसरी छोड़कर जंगल में छिपे हमलावर
हमलावरों ने जवानों की बोलेरो पर हमला कर उसमें तोड़फोड़ की। इसके बाद जब्त की गई एक बाइक लेकर फरार हो गए। दूसरी बाइक को भी ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन अतिरिक्त जवानों के पहुंचने से उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। हमलावर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। बाद में जवानों ने दूसरी मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
घटना के बाद बोलेरो चालक और वाहन मालिक लाल बहादुर प्रसाद ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि जब सुरक्षा बलों पर ही हमला हो रहा है, तो आम वाहन चालकों और कर्मचारियों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
SDPO बोले- CISF की शिकायत पर दर्ज होगी FIR
निरसा SDPO लिलेश्वर महतो ने बताया कि CISF की टीम जब्त की गई दो मोटरसाइकिल लेकर लौट रही थी। इसी दौरान 8 से 10 युवकों ने टीम पर पत्थरबाजी की और एक मोटरसाइकिल लेकर भाग गए।
उन्होंने बताया कि CISF की ओर से इस मामले में लिखित शिकायत दी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान में सुरक्षा बड़ी चुनौती
निरसा में हुई इस घटना ने अवैध कोयला खनन के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्रवाई के दौरान 24 अवैध खनन मुहाने बंद कराए गए, लेकिन लौटते समय टीम को हमले का सामना करना पड़ा।
अब पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की चुनौती है। साथ ही यह भी जरूरी हो गया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने वाली टीमों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।




