जमशेदपुर: शहर में शुक्रवार को 26वीं श्री रामार्चा पूजा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय अपने परिवार के साथ मुख्य यजमान के रूप में पूजा में शामिल हुए। सुबह आठ बजे शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
गौरीकांत जी की देखरेख में आयोजित पूजा की सभी विधियां विद्वान पंडितों द्वारा संपन्न कराई जा रही हैं। पंडित विनोद पांडेय, धनजी पांडेय, घनश्याम मिश्रा, उपेंद्र मिश्रा और नवीन पांडेय ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजन की शुरुआत कराई।
इस पूजा में चार आवरणों के माध्यम से विभिन्न देवी-देवताओं की आराधना की जा रही है। पहले आवरण में 39 से अधिक देवी-देवताओं, दूसरे में नवग्रह और भगवान शिव सहित अन्य देवी-देवताओं, तीसरे में भगवान श्रीराम के परिवार, हनुमान जी और राजा दशरथ तथा चौथे आवरण में भगवान श्रीसीताराम की विशेष पूजा होगी। धार्मिक अनुष्ठान के अंत में हवन और आरती की जाएगी।
मिलानी हॉल में होगा महाप्रसाद वितरण
बारिश की आशंका को देखते हुए 21 नवंबर को होने वाले महाप्रसाद वितरण का स्थान बदल दिया गया है। विधायक सरयू राय ने बताया कि अब बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थान पर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।




