जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर अपार्टमेंट के बेसमेंट में जा घुसी। बाराद्वारी दुर्गापूजा मैदान के पास पहले कार ने सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार को टक्कर मारी और फिर अपार्टमेंट का मुख्य गेट तोड़ते हुए पार्किंग में पहुंच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि, दोनों कारों और अपार्टमेंट के गेट को काफी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी मुन्ना सफेद कार (जेएच-22-जी-7727) से बाराद्वारी स्थित एक अपार्टमेंट में किसी को लेने पहुंचा था। इसी दौरान कार आगे बढ़ाते समय अचानक एक्सीलेटर दब गया और वाहन अनियंत्रित हो गया। कार ने दुर्गापूजा मैदान की रेलिंग के पास खड़ी लाल कार (जेएच-05-बीएच-9605) को जोरदार टक्कर मार दी। इससे खड़ी कार के दोनों दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए।
टक्कर के बाद चालक ने कार पीछे करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान कार अपार्टमेंट के मुख्य गेट से टकराते हुए बेसमेंट पार्किंग में जा घुसी। हादसे में गेट का निचला हिस्सा टूट गया और गैरेज को भी नुकसान पहुंचा। सफेद कार भी आगे और पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई।
बारिश के कारण बची सुरक्षा गार्ड की जान
अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि बारिश के कारण वह अपने सामान्य स्थान से हटकर अंदर बैठा था। इस वजह से वह कार की चपेट में आने से बच गया। आम दिनों में वह गेट के पास ही बैठता है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।




