मीरजापुर: भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त विवेक जोशी ने शुक्रवार को मीरजापुर में निर्वाचन कार्यों की समीक्षा की। अष्टभुजा निरीक्षण गृह में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची को सही और त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
युवाओं और महिलाओं को मतदाता बनाने पर जोर
बैठक में आयुक्त ने कहा कि महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और छात्रावासों में विशेष शिविर लगाए जाएं। इन शिविरों में युवाओं से फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए। इसके अलावा भर्ती रैलियों में भी मतदाता पंजीकरण अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने उन विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, जहां महिला मतदाताओं का अनुपात कम है। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेने को भी कहा।
मतदाता सूची में गलतियों को करें दूर
निर्वाचन आयुक्त ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने फॉर्म-8 के जरिए होने वाले संशोधनों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही बनाने में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सभी बीएलओ अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।
एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे
आयुक्त ने आगामी चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए निर्वाचन कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए।
इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर कर्मचारियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और संवेदनशील बूथों की पहचान करने को कहा। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक समेत निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।




