पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। इस दौरान एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
पटना एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री सीधे वैशाली जिले के राघोपुर पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित छह लेन के ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया और इसे बिहार की जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने पुल का निरीक्षण किया और गमछा लहराकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया।
इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
करीब 19.7 किलोमीटर लंबा नीतीश सेतु पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके निर्माण पर 4,988.40 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस परियोजना में 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कें शामिल हैं।
इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। साथ ही पटना और वैशाली के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : ट्रैक्टर की टक्कर से 21 वर्षीय बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम




