वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन पर वाराणसी में भी शोक जताया जा रहा है। शनिवार को मैदागिन स्थित गुरु गोरक्षनाथ मठ के केंद्रीय कार्यालय में त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिन्दू युवा वाहिनी की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हिन्दू युवा वाहिनी की जिला और महानगर इकाई के साथ 12 मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने सावित्री देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। सावित्री देवी का निधन बेहद दुखद है और परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से दिवंगत आत्मा को शांति देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर रामनाथ जी महाराज, हिन्दू युवा वाहिनी के निवर्तमान मंडल प्रभारी अम्बरीष सिंह भोला, निवर्तमान जिला संयोजक सुनील सिंह, आशुतोष सिंह आशु, मनीष मिश्रा, सुनील कुशवाहा, अजय सिंह, सन्नी गुप्ता, रुद्र पांडेय, ओमप्रकाश जायसवाल, नीतिश सिंह, दिनेश अग्रहरी और अभिषेक गोलू श्रीवास्तव समेत कई लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।




