रांची: झारखंड के हजारों युवाओं के लिए 23 नवंबर का दिन खास होने वाला है। राज्य में कौशल प्रशिक्षण पूरा कर चुके 3044 युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। सोमवार को रांची के प्रोजेक्ट भवन सभागार में मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
यह भी पढ़े : जनता दरबार में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, डीसी ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
प्रोजेक्ट भवन में होगा भव्य समारोह
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा, अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी और प्रेझा फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
कौशल प्रशिक्षण के बाद युवाओं को मिलेगा रोजगार
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि समारोह में कुल 3044 प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
रोजगार के क्षेत्र में नई पहल
झारखंड सरकार की इस पहल से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। नियुक्ति पत्र मिलने से युवाओं के रोजगार का रास्ता खुलेगा और उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।
मुलाकात के दौरान प्रेझा फाउंडेशन के चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर मीनाक्षी कुमार, स्टेट लीड गवर्नमेंट इंगेजमेंट अमित वाल्मीकि और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर चितरंजन सामंत राय भी मौजूद रहे।




