रांची: गुरु नानक जयंती के अवसर पर 22 नवंबर को रांची में गुरु नानक सत्संग शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। रविवार को शहर के कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक रास्ते और पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
सुबह 8 बजे से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
यातायात पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का रांची शहर में प्रवेश बंद रहेगा। ऐसे वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं, दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर भी रोक रहेगी।
मेन रोड समेत कई रास्तों पर नहीं चलेंगे वाहन
22 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक और रतन पीपी होते हुए सुजाता चौक तक सभी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
इसके अलावा पिस्का मोड़ से मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक और शहीद चौक तक शोभायात्रा समाप्त होने तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
मेट्रो गली से बिरला मैदान तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शोभायात्रा में शामिल वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों पर रोक रहेगी।
वहीं, शाम 5 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक सुजाता चौक से गुरु नानक पब्लिक स्कूल, पीपी कंपाउंड तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
सुजाता चौक से मेन रोड जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सुजाता चौक से मेन रोड जाने वाले वाहन रतन पीपी से दाएं मुड़कर कर्बला चौक होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर शहर के अन्य रास्तों पर भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है।
इन रास्तों पर जाने से बचें
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक इन रास्तों पर जाने से बचें:
- बिरला मैदान और मेट्रो गली
- दुर्गा मंदिर रोड और न्यू मार्केट चौक
- किशोरी यादव चौक और महावीर चौक
- शहीद चौक और फिरायालाल चौक
- सर्जना चौक और काली मंदिर चौक
- उल हाउस कटिंग और उर्दू लाइब्रेरी कटिंग
- रतन पीपी चौक और सुजाता चौक
श्रद्धालुओं के लिए दो जगह पार्किंग की व्यवस्था
शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए दो पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
- रामविलास पेट्रोल पंप के बगल में सुरजीत मोटर (पंजाबी) गैरेज।
- रामविलास पेट्रोल पंप के सामने शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल।
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और शोभायात्रा के दौरान निर्धारित रास्तों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है।




