धनबाद: अशर्फी अस्पताल के पास स्थित ब्लिंकिट डिलीवरी कार्यालय में शनिवार को सैकड़ों डिलीवरी वर्करों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर दी। वर्करों ने स्थानीय मैनेजर पर मनमानी, दुर्व्यवहार और भुगतान में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। हड़ताल को यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह ने भी समर्थन दिया है।
पेआउट और अतिरिक्त चार्ज नहीं मिलने से नाराज वर्कर
हड़ताल कर रहे डिलीवरी वर्करों का कहना है कि ब्लिंकिट के दूसरे आउटलेट में डिलीवरी पार्टनर्स को बेहतर भुगतान और मौसम के अनुसार सुविधाएं मिलती हैं। इसके अलावा अतिरिक्त चार्ज का लाभ भी दिया जाता है। लेकिन धनबाद के इस कार्यालय में उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है।
वर्करों के अनुसार, बारिश के दौरान ग्राहकों से 15 से 20 रुपये तक अतिरिक्त चार्ज लिया जाता है, लेकिन इसका फायदा डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों को नहीं मिलता है।
11 किलोमीटर की डिलीवरी पर भी अतिरिक्त भुगतान की मांग
डिलीवरी वर्करों ने बताया कि दूसरे कार्यालयों में 11 किलोमीटर तक की डिलीवरी करने पर अतिरिक्त भुगतान किया जाता है। लेकिन धनबाद के इस कार्यालय में उन्हें इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने स्थानीय मैनेजर पर दुर्व्यवहार करने और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करने का भी आरोप लगाया। इसी के विरोध में सभी डिलीवरी वर्कर एकजुट होकर हड़ताल पर बैठ गए।
यूथ कांग्रेस ने दिया आंदोलन को समर्थन
मौके पर पहुंचे यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह ने डिलीवरी वर्करों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी ब्लिंकिट कार्यालय में डिलीवरी बॉय के साथ अन्याय का मामला सामने आया था। उस समय भी यूथ कांग्रेस ने वर्करों के अधिकारों के लिए आंदोलन किया था।
आदित्य सिंह ने आरोप लगाया कि एक बार फिर डिलीवरी वर्करों को कम भुगतान, अतिरिक्त चार्ज और जरूरी सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो तालाबंदी की चेतावनी
आदित्य कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि अगर मैनेजर ने वर्करों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो यूथ कांग्रेस ब्लिंकिट के इस कार्यालय के साथ झारखंड के अन्य कार्यालयों में भी तालाबंदी आंदोलन करेगी।
फिलहाल डिलीवरी वर्करों की हड़ताल से कार्यालय का कामकाज प्रभावित है। अब सभी की नजर कंपनी प्रबंधन के अगले कदम पर है।




