बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की टाउनशिप सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी से करीब 300 होमगार्ड जवानों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। इसके विरोध में होमगार्ड जवानों ने बोकारो विधायक श्वेता सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अपने रोजगार को सुरक्षित रखने की मांग की है।
वर्षों से दे रहे हैं सुरक्षा सेवा
होमगार्ड जवानों ने विधायक को बताया कि वे कई वर्षों से बीएसएल की टाउनशिप सुरक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब निजी सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था चलाने की योजना बनाई जा रही है। इससे करीब 300 जवानों की नौकरी प्रभावित होने की आशंका है।
जवानों ने कहा कि इस फैसले से उनके परिवारों की आजीविका पर असर पड़ सकता है। उन्होंने बीएसएल प्रबंधन से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग की।
निजी सुरक्षा एजेंसियों से मांगा गया आवेदन
दरअसल, बीएसएल प्रबंधन ने टाउनशिप की सुरक्षा, अतिक्रमण नियंत्रण और कंपनी की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा एजेंसियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) आमंत्रित किया है।
इसके लिए 19 नवंबर तक आवेदन मांगे गए थे। वहीं, 21 नवंबर को इच्छुक सुरक्षा एजेंसियों का प्रेजेंटेशन निर्धारित किया गया था।
विधायक से हस्तक्षेप करने की मांग
होमगार्ड जवानों ने विधायक श्वेता सिंह से इस मामले को बीएसएल प्रबंधन के सामने उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे जवानों के रोजगार को सुरक्षित रखने के लिए पहल की जानी चाहिए।
इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) भी बीएसएल की इस पहल का विरोध कर चुका है। अब होमगार्ड जवानों ने विधायक से अपने रोजगार को बचाने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की है।




