धनबाद। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा को शिक्षा, इंजीनियरिंग, रिसर्च और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बेहतर योगदान के लिए पद्म विभूषण डॉ. मुरली मनोहर जोशी लीजेंडरी टीचर्स अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। रविवार को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडमिक्स के नौवें वार्षिक कॉन्क्लेव में डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
इस कार्यक्रम में प्रो. मिश्रा की पत्नी और दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष शकुंतला मिश्रा भी मौजूद थीं। समारोह में कई शिक्षाविद और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
प्रो. सुकुमार मिश्रा को यह पुरस्कार इंजीनियरिंग रिसर्च, शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में उनके लंबे योगदान के लिए दिया गया है। पावर सिस्टम, पावर क्वालिटी, स्मार्ट ग्रिड टेक्नोलॉजी और रिन्यूएबल एनर्जी उनके प्रमुख शोध क्षेत्र हैं।
प्रो. मिश्रा ने अपने करियर की शुरुआत संबलपुर विश्वविद्यालय में लेक्चरर के रूप में की थी। यहां उन्होंने नौ वर्षों तक काम किया। इसके बाद बीजू पटनायक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में रीडर बने। बाद में वे आईआईटी दिल्ली से जुड़े और वहां एसोसिएट डीन तथा डीन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वर्तमान में वे आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक हैं।
प्रो. मिश्रा को इससे पहले भी कई बड़े पुरस्कार मिल चुके हैं। 15 सितंबर को उन्हें कटक में ओडिशा इंजीनियर्स फोरम की ओर से विस्वेश्वरैया अवार्ड 2026 दिया गया था। इसके अलावा, उन्हें प्रो. शिवाजी चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से एनपीएससी अकादमिक एक्सीलेंस अवार्ड 2026 के लिए चुना गया है। यह पुरस्कार 12 दिसंबर को आईआईटी पटना में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा।
उन्हें वर्ष 2024 में हिंंगोरानी अवार्ड, 2025 में आईईईई फेलोशिप और एशिया-पैसिफिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एसोसिएशन की फेलोशिप भी मिल चुकी है। इसके अलावा, उन्हें आईएनएई आउटस्टैंडिंग टीचर्स अवार्ड, एनएएसआई-रिलायंस प्लेटिनम जुबली अवार्ड और आईएनएसए मेडल फॉर यंग साइंटिस्ट्स सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।
प्रो. सुकुमार मिश्रा को मिले इस सम्मान से आईआईटी (आईएसएम) धनबाद का गौरव बढ़ा है। शिक्षा, शोध और तकनीक के क्षेत्र में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर पहचान मिली है।




