सीवान। बिहार के महाराजगंज शहर स्थित गोरख सिंह महाविद्यालय में रविवार को रूटकेयर फाउंडेशन स्कॉलरशिप टेस्ट 2026 का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है, ताकि सरकारी स्कूलों के बच्चे भी निजी स्कूलों के विद्यार्थियों से आगे निकल सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिक्षा के प्रति गंभीर हैं और शिक्षा से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता देते हैं।
मंत्री ने रूटकेयर फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. मंजेश पाण्डेय की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की पहल समाज के लिए अच्छी है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 700 सरस्वती विद्या निकेतन स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा सभी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य की गई है। शिक्षकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उनके स्थानांतरण की व्यवस्था भी की जा रही है।
बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा और अवसर मिलने चाहिए। आज लड़कियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा से ही समाज और देश का विकास संभव है।
कार्यक्रम में शांति नेत्रालय के निदेशक शैलेश त्रिपाठी ने कहा कि बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अनुशासन और मेहनत पर ध्यान देने की सलाह दी।
समारोह में शिक्षा मंत्री ने विभिन्न सरकारी स्कूलों के दर्जनों मेधावी छात्र-छात्राओं और फाउंडेशन के सदस्यों को मेमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं शांति नेत्रालय के निदेशक शैलेश त्रिपाठी ने शिक्षा मंत्री को अंगवस्त्र और मेमेंटो भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मंजेश पाण्डेय ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक अमरेंद्र कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर गोरख सिंह महाविद्यालय के निदेशक प्रो. अभय कुमार सिंह, डॉ. वीणा सिंह, चंदन दुबे, सुप्रिया जायसवाल, डॉ. सोनिया चौहान, कादिर खान, प्रो. मुरारी पाण्डेय और झाम बाबा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक शामिल हुए।




