सीवान। सीवान में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल होने जा रही है। जिले में 25 नवंबर 2026 को ममता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर एमबीबीएस बैच-2026 के विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट समारोह भी आयोजित होगा।
यह भी पढ़ें : मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, विशेष बूथ दिवस पर BLO रहे मौजूद
कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडेय विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
रविवार को सीवान परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में वी.वी. गिरि विश्वविद्यालय के निदेशक कौशल किशोर गिरि ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन जिले के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
उन्होंने कहा कि व्हाइट कोट समारोह के माध्यम से नए एमबीबीएस विद्यार्थियों के चिकित्सकीय जीवन की शुरुआत होगी। इस दौरान विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा, जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों के प्रति संकल्प दिलाया जाएगा।
कौशल किशोर गिरि ने बताया कि ममता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की मान्यता प्राप्त है। संस्थान भारत सरकार और बिहार सरकार से स्वीकृत है तथा वी.वी. गिरि विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मेडिकल साइंसेज के अंतर्गत संचालित है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से सीवान और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
प्रेस वार्ता में दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, जदयू जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह उर्फ जीसू सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष महादेव पासवान, रालोमो जिलाध्यक्ष रिजवान अहमद, भाजपा जिला महामंत्री हरेंद्र सिंह कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष सत्यम सिंह सोनू, भाजपा मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक और जदयू जिला प्रवक्ता सुनील कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।




