कानपुर: विशेष बूथ दिवस के मौके पर रविवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को तेज करने पर जोर दिया गया। प्रशासन ने हर बूथ पर कम से कम 100 नए मतदाताओं के नाम जोड़ने का लक्ष्य रखा है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दी।
जिलाधिकारी ने रविवार को घंटाघर स्थित सेंट्रल धर्मशाला और एसएन सेन इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदाता बूथों का निरीक्षण किया। सेंट्रल धर्मशाला में 12 और एसएन सेन इंटर कॉलेज में 11 बूथ बनाए गए थे। निरीक्षण के दौरान सभी बूथों पर बीएलओ और सुपरवाइजर मौजूद मिले।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम गंभीरता से करें। उन्होंने विशेष बूथ दिवस पर सभी बीएलओ को बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा।
मतदाता सूची में गलती न हो, जांच के बाद ही करें बदलाव
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने या किसी नाम को हटाने से पहले संबंधित दस्तावेजों और जानकारियों की अच्छी तरह जांच की जाए। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को सही और अपडेट रखना है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह और नगर मजिस्ट्रेट चतुर्थ पुष्पेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।




