रांची: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में मझगांव के जेएमएम विधायक निरल पूर्ति को ‘बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। इस दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल और 51 हजार रुपये की राशि दी गई।
यह भी पढ़े : राज्यपाल संतोष गंगवार ने निरल पूर्ति को दिया ‘बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान’
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई मंत्री और विधायक शामिल हुए। सभी ने निरल पूर्ति को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
निरल पूर्ति मझगांव विधानसभा क्षेत्र से लगातार जनता का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। वह अब तक चार बार विधायक चुने गए हैं। सम्मान मिलने के बाद उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है। वह इस सम्मान की प्रतिष्ठा बनाए रखने के साथ जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
बता दें कि झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस पर हर साल एक विधायक को उनके उत्कृष्ट संसदीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाता है। इसके लिए विधायक की सदन में सक्रियता, जनहित के मुद्दों को उठाने और संसदीय परंपराओं के पालन को आधार बनाया जाता है। इस बार 29 नवंबर को विधानसभा की चयन समिति ने निरल पूर्ति के नाम पर मुहर लगाई थी।
इधर, जेएमएम ने भी अपने विधायक को सम्मान मिलने पर खुशी जाहिर की है। पार्टी के अनुसार, निरल पूर्ति को यह सम्मान जनता से उनके सीधे जुड़ाव, ग्रामीण विकास और आम लोगों की समस्याओं को सदन में उठाने के प्रयासों के लिए मिला है।




