प्रयागराज। विश्व प्रसिद्ध माघ मेले को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को संगम क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुलिस लाइन का भूमि पूजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की और पुलिस ध्वज का पूजन कर उसे फहराया।
पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने बताया कि माघ मेले से पहले पुलिस लाइन का निर्माण शुरू करने की परंपरा वर्ष 1976 से चली आ रही है। इस परंपरा के तहत सबसे पहले भूमि पूजन और पुलिस ध्वज की पूजा की जाती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का प्रयास रहेगा कि मेला क्षेत्र और शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे। साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे सुरक्षित महसूस करें।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल शर्मा, विजय ढुल, डीसीपी माघ मेला विवेक चंद्र यादव, एडीसीपी विजय आनंद और एसीपी अरुण पाराशर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि वर्ष 1976 में वरिष्ठ अधिकारी त्रिनाथ मिश्रा के कार्यकाल में माघ मेले से पहले पुलिस लाइन के निर्माण की परंपरा शुरू हुई थी। तभी से हर साल मेले की तैयारियों के तहत पुलिस लाइन का भूमि पूजन किया जाता है। उन्होंने माघ मेले के सकुशल आयोजन की कामना भी की।
10 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी
इस बार माघ मेला 54 दिनों तक चलेगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कल्पवासियों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
पुलिसकर्मी घाटों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और प्रमुख स्नान स्थलों की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही पूरे मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
प्रमुख स्नान पर्वों पर रहेगी विशेष सुरक्षा
माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्वों पौष पूर्णिमा, मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
इन अवसरों पर संगम और आसपास के घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु रखने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन पहले से योजना तैयार कर रहा है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनकी सुविधा और सेवा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।




