रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारतीय लॉन बॉल्स विजेता टीम के खिलाड़ियों एवं कोच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच 16 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम द्वारा 2-1 से शानदार जीत दर्ज करने पर सभी खिलाड़ियों एवं कोच को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
Read more : केंद्रीय मंत्री से रांची में एम्स की स्थापना और अहमदाबाद के लिए सीधी रेल सेवा शुरू कराने की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि राज्य के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। झारखंड के खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धि से राज्य का मान-सम्मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार झारखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और झारखंड का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में झारखंड की लॉन बॉल खिलाड़ी रेशमा कुमारी, सुनील बहादुर, दिनेश कुमार एवं कोच मधुकांत पाठक उपस्थित थे।




