बोकारो: शहर में अपराध पर लगाम लगाने और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। एसपी के निर्देश पर सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बीती रात शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने बीएस सिटी, सेक्टर-4, सेक्टर-12, सेक्टर-6 और हरला थाना क्षेत्र का दौरा किया। डीएसपी ने इन इलाकों में चल रही रात्रि गश्ती, ओडी ड्यूटी और रक्षक राइडर की कार्यप्रणाली की जांच की। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी भी देखी।
रात में संदिग्ध गतिविधियों पर रखें नजर
निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को कई जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात में गुजरने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच गंभीरता से की जाए। खासकर सुनसान सड़कों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्ती लगातार जारी रहनी चाहिए।
चोरी और सेंधमारी रोकने पर जोर
राजीव रंजन ने सभी थाना क्षेत्रों के अधिकारियों को अपने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस बिना देरी किए कार्रवाई करे।
इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाना और चोरी, सेंधमारी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाना है।





