नई दिल्ली: झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद को लेकर केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। राष्ट्रपति ने झारखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को मुख्य न्यायाधीश के पद के कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया है।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, यह नियुक्ति 28 नवंबर 2026 से प्रभावी होगी। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह नियुक्ति की है।
वर्तमान मुख्य न्यायाधीश होंगे सेवानिवृत्त
झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक 27 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय के कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जस्टिस विभु भाखरू के नाम की भी सिफारिश
इधर, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पिछले दिनों जस्टिस विभु भाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। ऐसे में कॉलेजियम की सिफारिश पर अंतिम निर्णय होने तक जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद मुख्य न्यायाधीश के कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।





