रांची: पत्रकार अभिषेक भारती की रिहाई और विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने धरना-प्रदर्शन किया। लोकभवन के पास नागाबाबा खटाल में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने पत्रकार अभिषेक भारती की रिहाई, महिलाओं और आदिवासी बेटियों की सुरक्षा तथा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित प्रताड़ना पर सवाल उठाए।
उन्होंने विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। किसी को भी राजनीतिक पद के कारण विशेष छूट नहीं मिलनी चाहिए।
रोमित नारायण सिंह ने भी सरकार को घेरा
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई सवाल हैं। उन्होंने पत्रकारों की स्वतंत्रता और आदिवासी बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि अभिषेक भारती की रिहाई और पूरे मामले में न्याय मिलने तक भाजयुमो अपनी आवाज उठाता रहेगा।
विधायक के नार्को टेस्ट की मांग
भाजयुमो के प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, प्रतुल शाहदेव और अजय साह ने पत्रकार अभिषेक भारती के साथ कथित पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
नेताओं ने विधायक भूषण बाड़ा के नार्को टेस्ट की भी मांग उठाई। साथ ही अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई और मामले से जुड़ी नाबालिग आदिवासी बच्ची को न्याय दिलाने की मांग की।
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने किया।
इस दौरान अशोक बड़ाईक, अजय साह, प्रतुल शाहदेव, रमेश सिंह, मुंचुन राय, ललित ओझा, राहुल चौधरी, अमित साहू, पूजा सिंह, सतीश सिंह, बबन बैठा, संजय महतो, रंजीत सहदेव, जितेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पत्रकारों की स्वतंत्रता, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।





