रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी वेंडिंग जोन में दुकानों का गलत इस्तेमाल करने वाले आवंटियों पर नगर निगम सख्त हो गया है। शनिवार को नगर निगम की टीम ने सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों में नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद 43 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अनुशंसा की गई है।
सब्जी दुकानों में सबसे ज्यादा अनियमितता
निरीक्षण में पता चला कि सब्जी विक्रेताओं के लिए कुल 36 दुकानें आवंटित की गई थीं। इनमें केवल 4 दुकानों का संचालन ही संबंधित आवंटियों द्वारा किया जा रहा था। बाकी 32 दुकानों में दुकानें नहीं खोली जा रही थीं।
कुछ आवंटी अपनी दुकान चलाने के बजाय बाजार के दिनों में ठेला लगाकर कारोबार कर रहे थे। वहीं, कुछ लोगों ने आवंटित दुकानें दूसरे व्यक्तियों को किराए पर दे दी थीं। इस पर नगर निगम ने 32 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अनुशंसा की है।
11 अन्य दुकानों में भी मिली गड़बड़ी
जांच के दौरान फूड और मिसलेनियस श्रेणी की 11 दुकानों में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया। कुछ दुकानें बंद थीं, जबकि कुछ दुकानों को दूसरे लोगों को किराए पर दिया गया था। इन सभी 11 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अनुशंसा की गई है।
नोटिस के बाद भी नहीं किया नियमों का पालन
नगर निगम की ओर से बताया गया कि दुकानदारों को पहले दो बार नोटिस देकर अपनी आवंटित दुकान पर खुद कारोबार करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
अब कुल 43 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अनुशंसा के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने कहा है कि वेंडिंग जोन में दुकान आवंटित करने का उद्देश्य व्यवस्थित तरीके से कारोबार को बढ़ावा देना है। इसलिए आवंटियों को खुद दुकान चलाना और तय नियमों का पालन करना जरूरी है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





