रांची: रांची नगर निगम में लंबे समय से लंबित न्यायिक मामलों को जल्द निपटाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसे लेकर शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने विधि शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली गई और उनके जल्द निष्पादन के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने लंबित मामलों के निपटारे के लिए विधि शाखा में दो अलग-अलग टीमें बनाने का निर्देश दिया।
सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के लिए अलग टीम
नगर आयुक्त ने कहा कि पहली टीम सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट से जुड़े मामलों को देखेगी, जबकि दूसरी टीम सिविल कोर्ट के मामलों का काम संभालेगी। दोनों टीमों को अपने-अपने मामलों की नियमित निगरानी करने और समय पर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।
ईमेल और डाक से आने वाले पत्रों पर रहेगी नजर
बैठक में नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईमेल, डाक और अन्य माध्यमों से मिलने वाले पत्रों और न्यायिक सूचनाओं का नियमित रिकॉर्ड रखा जाए। साथ ही हर मामले की प्रगति पर नजर रखी जाए, ताकि कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
काउंटर एफिडेविट के मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश
नगर आयुक्त ने काउंटर एफिडेविट से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने सभी मामलों को सूचीबद्ध कर जरूरी कानूनी कार्रवाई जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त, विधि सहायक और विधि शाखा के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





