नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण लागू करने को लेकर अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी दिलाना समय की मांग है। महिला सशक्तिकरण के लिए भाजपा और एनडीए का संकल्प अडिग है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दल इस कानून को रोक नहीं पाएंगे।
रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक व्यवस्था में भागीदारी दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। वह भी लंबे समय से इस दिशा में काम कर रहे हैं।
नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन आज के समय की जरूरत है। सरकार महिलाओं से किए गए वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के सपनों और देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना जरूरी है।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए भाजपा और एनडीए का संकल्प कायम है।
राष्ट्रीय हित को सबसे ऊपर रखने की अपील
पीएम मोदी ने अपने संदेश में राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब कुछ राजनीतिक दल राष्ट्रीय हित से ज्यादा अपनी पार्टी के हित को महत्व देते हैं, तो इसका नुकसान महिला सशक्तिकरण और देश को उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि देश के व्यापक हित को ध्यान में रखकर फैसले लिए जाने चाहिए।
संसद के विशेष सत्र में पेश होंगे प्रस्ताव
प्रधानमंत्री का यह बयान संसद के विशेष सत्र से पहले आया है। यह सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। इस दौरान केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधायी प्रस्ताव पेश करने वाली है।
महिला आरक्षण के रास्ते की हर रुकावट दूर करेंगे: पीएम मोदी
इससे पहले शनिवार को भी प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण को लेकर अपनी सरकार का रुख स्पष्ट किया था। उन्होंने कहा था कि महिलाओं से किया गया वादा पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
एक्स पर साझा किए गए वीडियो में उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से महिला आरक्षण के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्हें देश की महिलाओं का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले राजनीतिक दल इसे रोक नहीं पाएंगे।
Read more : झारखंड सरकार की वर्षगांठ पर बीजेपी का बड़ा वार, जारी किया आरोपों का दस्तावेज





