चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस और खनन विभाग ने कार्रवाई की है। गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बेड़ाहुंडा गांव के पास पुलिस ने बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया है। जांच के दौरान तीनों ट्रैक्टरों के चालक बालू परिवहन से जुड़े वैध चालान और जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सके।
जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को गोइलकेरा थाना पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बेड़ाहुंडा गांव के पास तीन बालू लदे ट्रैक्टर दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर चालकों से बालू परिवहन के कागजात मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
तीनों ट्रैक्टरों पर नहीं था रजिस्ट्रेशन नंबर
जांच में यह भी सामने आया कि तीनों ट्रैक्टरों पर रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज नहीं था। पूछताछ के दौरान चालक भी बालू परिवहन को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
इसके बाद पुलिस ने तीनों ट्रैक्टरों को जब्त कर गोइलकेरा थाना परिसर में रखवा दिया।
स्वराज कंपनी के हैं सभी ट्रैक्टर
जब्त किए गए तीनों ट्रैक्टर स्वराज कंपनी के हैं। इनमें एक ट्रैक्टर 742 एक्सएलएन मॉडल का है, जबकि दो ट्रैक्टर 742 मॉडल के हैं।
अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन ने अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस और खनन विभाग मिलकर अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चला रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध कागजात के बालू या अन्य खनिजों का परिवहन करने वालों के खिलाफ नियम के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





