खूँटी। कर्रा प्रखंड के उहकेला गांव में मंगलवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लगभग सौ महिला लाभुकों के बीच नि:शुल्क गैस कनेक्शन, चुल्हा और भरे हुए सिलेंडर का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कोचे मुंडा ने लाभुकों के बीच गैस कनेक्शन का वितरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को गरीबों का दर्द मालूम है। गांव की महिलाओं को धुएं के बीच लकड़ी से खाने बनाने में हो रही परेशानियों को देखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जबसे प्रधानमंत्री बने हैं, उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में लगातार काम किया है। विधायक ने कहा कि कांग्रेस ने अपने इतने लंबे शासन काल में कभी गरीबों को नि:शुल्क गैस देने के बारे में सोचा भी नहीं। उन्होंने कहा कि पहले रसोई गैस का उपयोग सिर्फ अमीर लोग ही करते थे, लेकिन अब गरीब भी इसका उपयोग करते हैं। उनका प्रयास है कि शहर जैसी सभी सुविधाएं गांव वालों को भी मिले। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु और महाशक्ति बनेगा। विधायक ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान करना भारतीय जनता पार्टी जानती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं ही राष्ट्र की शक्ति हैं। उन्हें मजबूत करने से ही देश मजबूत होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा के मंडल अध्यक्ष रामध्यान सिंह ने केंद्र सरकार गांवों और महिलाओं द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम को मुखिया मीना देवी, शिव कुमार केसरी, प्रेम कुमार साहू, सीमा देवी, नीलांबर सिंह, लक्ष्मण पाहन, मुस्तकिम खान, रवींद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, सुधीर सिंह सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। गैस का वितरण गुरुकृपा गैस एजेंसी तोरपा के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम में यिवम कुमार, बबलू सिंह, के अलावा डहकेला, जम्हार, मास्को, सारलो, रूंजू, कोटलो, जलंगा, लापा, रेगरे, भुसुर सहित अन्य गावों की लाभुक महिलाएं मौजूद थीं।
Follow our Facebook Page 👉
Follow Us
Follow us on X (Twitter) 👉
Follow Us
Follow our Instagram 👉
Follow Us
Subscribe to our YouTube Channel 👉
Subscribe Now
Join our WhatsApp Group 👉
Join Now
Follow us on Google News 👉
Follow Now